रायपुर, 22 अक्टूबर 2026।
राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने आज लोकभवन स्थित छत्तीसगढ़ मंडपम में पूज्य माता हासी देवी जी के सम्मान में 200 रुपये का स्मारक सिक्का जारी किया। इस अवसर पर राज्यपाल श्री रमेन डेका और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय भी उपस्थित रहे।
पूज्य शदाणी दरबार रायपुर की पांचवीं पीठाधीश माता साहिब हासी देवी जी की 200वीं जयंती के अवसर पर भारत सरकार के वित्त मंत्रालय द्वारा यह स्मारक सिक्का जारी किया गया है। सिंधी समाज की महान विभूति के सम्मान में स्मारक सिक्का जारी होना समाज के लिए ऐतिहासिक अवसर है। यह देश-विदेश में रहने वाले करोड़ों सिंधी समाज के लोगों के लिए गर्व और गौरव का विषय है। स्मारक सिक्के के अनावरण के बाद श्रद्धालु और सिक्का संग्राहक इसे शदाणी दरबार की विभिन्न इकाइयों के माध्यम से बुक कर सकेंगे।
भारत सरकार द्वारा जारी इस विशेष सिक्के पर पूज्य माता हासी देवी जी की छवि अंकित है। सिक्के के एक ओर अशोक स्तंभ का सिंह शीर्ष और 200 रुपये का मूल्यवर्ग दर्शाया गया है। इस स्मारक सिक्के के माध्यम से माता हासी देवी जी के जीवन, विचारों और आध्यात्मिक योगदान को भावी पीढ़ियों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है।
कार्यक्रम में पूज्य शदाणी दरबार रायपुर के पीठाधीश संत डॉ. युधिष्ठिर लाल जी ने स्वागत उद्बोधन दिया। इस अवसर पर राज्य की प्रथम महिला श्रीमती रानी डेका काकोटी, सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल, विधायक श्री पुरंदर मिश्रा, श्री सुनील सोनी, श्री मोतीलाल साहू, मुख्य सचिव श्री विकासशील, पुलिस महानिदेशक श्री अरुण देव गौतम तथा राज्यपाल के सचिव डॉ. सी. आर. प्रसन्ना सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पूज्य शदाणी दरबार के सदस्यों के साथ देशभर से आए जनप्रतिनिधियों और सिंधी समाज के प्रतिनिधियों ने भी सहभागिता की।
शीर्षक को अधिक समाचारपरक बनाएंदोहराव वाले वाक्य संक्षिप्त करें
