रायपुर, 2 अक्टूबर 2026
भा.कृ.अनु.प.-राष्ट्रीय जैविक स्ट्रेस प्रबंधन संस्थान, रायपुर में रिफॉर्म उत्सव एवं राजभाषा हिंदी पखवाड़ा-2026 के तहत आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों और प्रतियोगिताओं का समापन समारोह उत्साहपूर्वक हुआ। इस अवसर पर हिंदी कार्यशाला का भी आयोजन किया गया, जिसमें संस्थान के अधिकारियों, वैज्ञानिकों और कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता की।
कार्यक्रम में पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर के सेवानिवृत्त प्रोफेसर प्रो. राजेश दुबे मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। उन्होंने राजभाषा हिंदी के महत्व, कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रभावी प्रयोग तथा हिंदी पखवाड़े के दौरान आयोजित विभिन्न गतिविधियों और प्रतियोगिताओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संस्थान द्वारा राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार और कार्यान्वयन की दिशा में किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं। ऐसे आयोजन कर्मचारियों में हिंदी के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ कार्यालयीन कार्यों में इसके प्रयोग को भी प्रोत्साहित करते हैं।
संस्थान के निदेशक डॉ. पी. के. राय ने कहा कि हिंदी केवल संप्रेषण का माध्यम नहीं है, बल्कि जनसामान्य को संस्थानों से जोड़ने का सशक्त माध्यम भी है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से अपने दैनिक कार्यालयीन कार्यों में अधिक से अधिक हिंदी का प्रयोग करने तथा राजभाषा के प्रभावी क्रियान्वयन में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
समापन समारोह के दौरान राजभाषा अधिकारी श्री प्रांशु राठौर ने हिंदी पखवाड़े के अंतर्गत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं और गतिविधियों का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने प्रतियोगिताओं के परिणामों की घोषणा भी की। विजेता प्रतिभागियों को संस्थान के निदेशक द्वारा प्रमाण-पत्र और पुरस्कार राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में संस्थान के संयुक्त निदेशक, वैज्ञानिक, अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए कार्यालयीन कार्यों में राजभाषा हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।
