धमतरी, 04 सितंबर 2026
बारिश के मौसम में मौसमी बीमारियों की आशंका को देखते हुए धमतरी स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी और जांच का दायरा बढ़ा दिया है। जिले के चिन्हांकित और संवेदनशील क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविर लगाए जा रहे हैं, जहां डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की टीम ग्रामीणों की जांच कर रही है। मरीजों को जरूरत के मुताबिक उपचार, दवाइयां और स्वास्थ्य संबंधी परामर्श भी दिया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक फिलहाल जिले में मौसमी बीमारियों की स्थिति सामान्य है। इसके बावजूद किसी भी संभावित संक्रमण को शुरुआती स्तर पर पकड़ने के लिए एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं। बुखार, सर्दी-खांसी, उल्टी-दस्त और मौसम से जुड़ी अन्य स्वास्थ्य समस्याओं वाले लोगों की जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
स्वास्थ्य अमले को चिन्हांकित क्षेत्रों में सक्रिय रखा गया है। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त चिकित्सकीय दल भी मौके पर भेजे जा रहे हैं। मितानिन, एएनएम और अन्य मैदानी स्वास्थ्यकर्मी गांवों में लोगों को साफ-सफाई, स्वच्छ पेयजल और व्यक्तिगत स्वच्छता को लेकर जागरूक कर रहे हैं। घरों और आसपास पानी जमा नहीं होने देने की सलाह भी दी जा रही है।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने स्वास्थ्य विभाग को बीमारी की स्थिति पर लगातार नजर रखने और किसी क्षेत्र में मरीजों की संख्या बढ़ने की सूचना मिलते ही तत्काल टीम भेजने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि समय पर निगरानी, जांच और उपचार से मौसमी बीमारियों को फैलने से रोकने में मदद मिलेगी।
कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक दवाइयों और चिकित्सकीय संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश भी दिए हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर लोगों को बिना देरी स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि बुखार या अन्य लक्षण दिखाई देने पर खुद से दवा लेने के बजाय नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या स्वास्थ्य शिविर में चिकित्सकीय परामर्श लें। बारिश के दौरान स्वच्छ पानी पीने, आसपास सफाई रखने और जलभराव से बचने जैसी सावधानियां बरतने की भी अपील की गई है।
