रायपुर, 04 सितंबर 2026
सूरजपुर जिले के माढर गांव में मछली पकड़ने गए एक ग्रामीण की जान उस वक्त खतरे में पड़ गई, जब अचानक नदी का जलस्तर बढ़ने से वह तेज बहाव की चपेट में आ गया। बहते हुए अशोक सोनपाकर नदी के बीच एक चट्टान पर पहुंचकर फंस गए। चारों तरफ पानी का तेज बहाव होने के कारण उनके लिए वापस लौटना मुश्किल था। सूचना मिलते ही प्रशासन ने तत्काल डीडीआरएफ टीम को मौके पर भेजा, जिसने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में रेस्क्यू कर ग्रामीण को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
घटना ओड़गी थाना क्षेत्र की है। ग्राम माढर निवासी अशोक सोनपाकर नदी में मछली पकड़ने गए थे। इसी दौरान जलस्तर बढ़ने के साथ बहाव तेज हो गया और वे उसकी चपेट में आ गए। अपनी जान बचाने के लिए वे नदी के बीच स्थित चट्टान पर जा पहुंचे। कुछ समय बाद ग्रामीण के नदी में फंसे होने की जानकारी प्रशासन तक पहुंची।
भैयाथान एसडीएम की सूचना पर जिला प्रशासन ने तत्काल बचाव दल को रवाना किया। जिला सेनानी संजय गुप्ता के निर्देश पर डीडीआरएफ की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और नदी के तेज बहाव के बीच रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। टीम ने सावधानी और आपसी समन्वय के साथ अशोक सोनपाकर तक पहुंच बनाई और उन्हें सुरक्षित बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
रेस्क्यू अभियान में टीम प्रभारी हवलदार बीरबल गुप्ता के साथ आनंद चौबे, धनश्य नेताम, हंसलाल, देवनारायण, त्रिनेत्र सिंह, शिवनारायण सिंह, सिद्धू सिंह, रिकेश कुमार और विदेश सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
लगातार बारिश के कारण जिले की नदियों और नालों का जलस्तर बढ़ा हुआ है। घटना के बाद प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और तेज बहाव वाले क्षेत्रों के पास जाने से बचने की अपील की है। साथ ही किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रशासनिक अमले को सूचना देने और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने कहा गया है।
