राजनांदगांव, 03 सितंबर 2026
राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम भर्रेगांव में कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने गुरुवार को विभिन्न शासकीय योजनाओं और संस्थाओं की जमीनी स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने हितग्राहियों और ग्रामीणों से सीधे संवाद कर योजनाओं से मिल रहे लाभ की जानकारी ली। ग्रामीणों ने गांव के कुछ हिस्सों में पानी की समस्या उठाई, जिस पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को जल्द समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के हितग्राहियों नरेंद्र चंद्राकर और दीपक कुमार से मुलाकात की। दोनों ने बताया कि उनके घरों में सोलर पैनल लगने के बाद बिजली की खपत और विद्युत खर्च में कमी आई है। वहीं ग्रामीणों ने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत गांव में करीब एक हजार हितग्राही लाभान्वित हो रहे हैं। योजना के माध्यम से अब तक लगभग 3 करोड़ रुपये की राशि हितग्राहियों को मिल चुकी है।
गांव के प्राथमिक और मिडिल स्कूल पहुंचकर कलेक्टर ने बच्चों के लिए तैयार किए जा रहे मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता और स्कूल परिसर की साफ-सफाई का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यार्थियों से बातचीत कर पढ़ाई और शैक्षणिक गतिविधियों के बारे में जानकारी ली। कलेक्टर ने बच्चों को नियमित पढ़ाई के साथ विज्ञान विषय पर अतिरिक्त समय देने और उसमें बेहतर पकड़ बनाने के लिए प्रोत्साहित किया।
दौरे के दौरान राजस्व विभाग के डिजिटल क्रॉप सर्वे की प्रगति भी जांची गई। कलेक्टर ने सर्वेयर पवन रेखा साहू और अनुज चंद्राकर से अब तक किए गए कार्य की जानकारी ली। पवन रेखा साहू ने बताया कि विभिन्न चुनौतियों के बावजूद करीब 200 खसरों का सर्वे पूरा किया जा चुका है।
निरीक्षण के दौरान पवन रेखा साहू ने अपनी व्यक्तिगत बचत की जानकारी भी साझा की। उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना से मिली करीब 30 हजार रुपये की राशि को उन्होंने अपनी बेटी के भविष्य के लिए सुकन्या समृद्धि योजना में जमा किया है। अब तक इस खाते में करीब 50 हजार रुपये जमा किए जा चुके हैं।
कलेक्टर के ग्राम भ्रमण में बिजली, सामाजिक सुरक्षा, शिक्षा, पोषण और कृषि से जुड़ी योजनाओं की जमीनी स्थिति सामने आई। अधिकारियों को ग्रामीणों की समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई के साथ योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।
