रायपुर, 3 सितम्बर 2026
रायगढ़ एक बार फिर सुर, ताल और भारतीय संस्कृति के रंगों से सराबोर होने जा रहा है। 41वें अंतर्राष्ट्रीय चक्रधर समारोह-2026 का आयोजन 14 से 23 सितम्बर तक रामलीला मैदान में किया जाएगा। महाराजा चक्रधर सिंह की कला-साधना और सांस्कृतिक विरासत को समर्पित इस दस दिवसीय समारोह में शास्त्रीय नृत्य, लोककला, पंडवानी, भजन, गजल, काव्य और वाद्य संगीत की देशभर की चुनिंदा प्रस्तुतियां दर्शकों को देखने-सुनने को मिलेंगी।
संस्कृति विभाग, पर्यटन मंडल और जनसहयोग से जिला प्रशासन द्वारा आयोजित समारोह की शुरुआत 14 सितम्बर को श्री वेदमणि सिंह ठाकुर के शिष्यों की गणेश वंदना से होगी। इसके बाद पद्मश्री अनुज शर्मा लोक कला एवं संगीत की प्रस्तुति देंगे, जबकि पद्मश्री डॉ. उषा बारले अपनी पंडवानी से पहली शाम को खास बनाएंगी। प्रतिदिन सांस्कृतिक कार्यक्रम शाम 6 बजे से शुरू होंगे।
समारोह में देश के अलग-अलग हिस्सों की शास्त्रीय और लोक परंपराओं की झलक एक ही मंच पर दिखाई देगी। 15 सितम्बर को तबला वादन, कुचिपुड़ी, राजस्थानी फोक, पंडवानी और भजन की प्रस्तुतियां होंगी। 16 सितम्बर की शाम कथक के साथ छत्तीसगढ़ी लोक नृत्य और लोककला को समर्पित रहेगी। 17 सितम्बर को बस्तर की लोक संस्कृति के साथ कथक, ओडिसी और भरतनाट्यम की प्रस्तुतियां होंगी।
18 सितम्बर को मणिपुरी नृत्य, कबीर भजन, कुचिपुड़ी और लोक संगीत का संगम देखने को मिलेगा। पद्मश्री भारती बंधु की प्रस्तुति इस शाम का प्रमुख आकर्षण रहेगी। वहीं 19 सितम्बर को ओडिसी के साथ पद्मश्री सुरेन्द्र शर्मा की काव्य संध्या आयोजित होगी, जो समारोह में साहित्य और नृत्य का अलग रंग जोड़ेगी।
20 सितम्बर को लोकनृत्य, गायन और कथक की प्रस्तुतियां होंगी। इंडियन आइडल फेम अमित साना अपनी गायकी से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे, जबकि पद्मश्री रामलाल बरेठ के निर्देशन में भूपेन्द्र बरेठ एवं समूह कथक की प्रस्तुति देंगे। 21 सितम्बर को बनारस घराने के कथक, लोकगीत, संतूर-पखावज-तबला वादन और नृत्य नाटिका सहित कई प्रस्तुतियां होंगी।
22 सितम्बर की शाम कथकली, ओडिसी, सितार वादन और लोक संगीत के साथ सूफी गायन और गजल के नाम रहेगी। गुरु कोट्टक्कल नंदकुमारन नायर, दीक्षा रथ, प्रो. डॉ. लवली शर्मा, पुनरिक साहू-लहरंगगा और रायगढ़ के राकेश शर्मा समेत कलाकार मंच पर अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
दस दिनों तक चलने वाले इस सांस्कृतिक आयोजन का समापन 23 सितम्बर को पद्मश्री सम्मानित प्रसिद्ध गायिका कविता कृष्णमूर्ति की सुरमयी प्रस्तुति के साथ होगा। उनकी प्रस्तुति के साथ चक्रधर समारोह का 41वां संस्करण भव्य रूप से संपन्न होगा। स्थानीय प्रतिभाओं के साथ राष्ट्रीय स्तर के कलाकारों की मौजूदगी इसे रायगढ़ के सांस्कृतिक कैलेंडर का प्रमुख आयोजन बनाने जा रही है।
