रायपुर, 3 अगस्त 2026
छत्तीसगढ़ की आवासीय कॉलोनियों को हराभरा और पर्यावरण-अनुकूल बनाने की दिशा में गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल ने नई पहल शुरू की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत मंडल की आवासीय योजनाओं में चरणबद्ध तरीके से पौधरोपण और उनके संरक्षण का अभियान चलाया जाएगा। इसकी शुरुआत अंबिकापुर के सरगवां स्थित अटल विहार आवासीय योजना से हुई, जहां पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने पौधरोपण किया।
मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ सिर्फ पौधा लगाने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि मां के प्रति सम्मान और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का संकल्प है। उन्होंने लोगों से अपनी मां के सम्मान में पौधा लगाने और उसे पेड़ बनने तक उसकी देखभाल करने की अपील की। मंत्री के अनुसार प्रदेश में इस अभियान के तहत अब तक सवा सात करोड़ पौधे लगाए जा चुके हैं।

सरगवां की अटल विहार योजना में पौधरोपण के साथ कॉलोनी की लंबे समय से चली आ रही बाउंड्रीवाल की मांग भी पूरी हुई। कार्यक्रम में बाउंड्रीवाल और ओपन जिम का लोकार्पण किया गया। मंडल अध्यक्ष अनुराग सिंह देव ने बताया कि अब यही अभियान मंडल की अन्य आवासीय योजनाओं और कॉलोनियों में भी चरणबद्ध तरीके से चलाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि आवासीय क्षेत्रों में पौधरोपण के साथ उनके संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि कॉलोनियों में केवल हरित क्षेत्र बढ़ाने तक अभियान सीमित न रहे, बल्कि लंबे समय तक पर्यावरण संरक्षण का लाभ लोगों को मिले। मंडल का उद्देश्य आवासीय योजनाओं को स्वच्छ, सुंदर और हरित वातावरण देना है।

अटल विहार योजना, सरगवां में गृह निर्माण मंडल ने 9.70 एकड़ क्षेत्र में करीब 38.59 करोड़ रुपये की लागत से 251 भवनों का निर्माण एवं विकास किया है। इनमें 14 एचआईजी, 12 सीनियर एमआईजी, 40 जूनियर एमआईजी, 63 एलआईजी और 122 ईडब्ल्यूएस श्रेणी के भवन शामिल हैं। योजना के तहत बाउंड्रीवाल और डब्ल्यूएमएम सड़क समेत अन्य निर्माण एवं विकास कार्य भी पूरे किए गए हैं।
कार्यक्रम में कॉलोनी के बच्चों ने पेड़ों के महत्व और पर्यावरण संरक्षण पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों ने अपनी प्रस्तुतियों के जरिए पौधरोपण के साथ पेड़ों को बचाने का संदेश भी दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सरगुजा सांसद चिंतामणी महाराज ने की। इस अवसर पर अंबिकापुर महापौर मंजूषा भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष निरुपा सिंह, नगर निगम अंबिकापुर सभापति हरमिन्दर सिंह टिन्नी, जिला पंचायत सदस्य दिव्या सिंह सिसोदिया सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और कॉलोनीवासी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और लगाए गए पौधों के संरक्षण का संकल्प लिया।
