रायपुर, 3 सितंबर 2026
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में अवैध खनन और खनिज परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने कार्रवाई करते हुए चार ट्रैक्टर जब्त किए हैं। इनमें तीन ट्रैक्टर सिलपहरी क्षेत्र में अवैध रूप से रेत ले जाते पकड़े गए, जबकि एक ट्रैक्टर ज्योतिपुर तिराहा में ईंट निर्माण के लिए मिट्टी का अवैध परिवहन करते मिला।
कलेक्टर विजय दयाराम के. के निर्देश पर खनिज विभाग की टीम जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में जांच और निगरानी कर रही है। इसी अभियान के दौरान विभागीय अमले ने इन चार वाहनों को कार्रवाई के दायरे में लिया। जब्त किए गए तीन ट्रैक्टरों को अमरपुर थाना परिसर और एक ट्रैक्टर को नगर सैनिक परिसर में सुरक्षित अभिरक्षा में रखा गया है।
विभाग अब जब्त वाहनों के मालिकों के खिलाफ खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21(5) और 23(क) के तहत नियमानुसार कार्रवाई करेगा।

जिले में खनिज संपदा के अवैध उत्खनन और परिवहन पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने निगरानी और जांच का दायरा बढ़ाया है। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को लगातार क्षेत्रों का निरीक्षण करने और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन का कहना है कि कार्रवाई का उद्देश्य केवल अवैध परिवहन में इस्तेमाल वाहनों को जब्त करना नहीं, बल्कि खनिज संसाधनों के अनधिकृत दोहन पर रोक लगाना, शासन के राजस्व की सुरक्षा करना और प्राकृतिक संसाधनों का नियमानुसार उपयोग सुनिश्चित करना है।
खनिज विभाग के मुताबिक जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और खनिजों के अनधिकृत इस्तेमाल की गतिविधियों पर निगरानी आगे भी जारी रहेगी। आने वाले दिनों में विभिन्न क्षेत्रों में जांच और कार्रवाई को लगातार जारी रखने की बात विभाग ने कही है।
कार्रवाई में खनि निरीक्षक सुजीत कंवर, शिवकुमार लहरे, सतीश साहू और सैनिक साहिब गनी शामिल रहे।
