रायपुर, 3 सितंबर 2026
दृष्टिबाधित विद्यार्थियों तक पढ़ाई की सामग्री आसानी से पहुंचाने की दिशा में छत्तीसगढ़ के शिक्षकों की पहल को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली है। वर्ल्ड ऑडियो बुक टीम छत्तीसगढ़ का नाम गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज किया गया है। टीम के सदस्यों से मुलाकात के दौरान राज्यपाल रमेन डेका ने उनके योगदान की सराहना करते हुए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
लोक भवन में हुई इस मुलाकात में राज्यपाल ने कहा कि दृष्टिबाधित विद्यार्थियों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए अभी और प्रयास किए जाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री उन तक सहज रूप से पहुंचाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। तकनीक के माध्यम से ऑडियो फॉर्मेट में पढ़ाई की सामग्री उपलब्ध कराने की पहल को उन्होंने अनुकरणीय बताया।
वर्ल्ड ऑडियो बुक टीम की शुरुआत 5 अक्टूबर 2024 को राष्ट्रपति पुरस्कृत शिक्षिका के. शारदा के नेतृत्व में हुई थी। टीम दृष्टिबाधित विद्यार्थियों के साथ सामान्य विद्यार्थियों के लिए भी पाठ्यक्रम आधारित और उपयोगी ऑडियो अध्ययन सामग्री तैयार कर रही है। टीम का लक्ष्य 11 हजार से अधिक ऑडियो बुक्स तैयार करना है।

इस अभियान में छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों के 30 शिक्षक-शिक्षिकाएं अपने नियमित शैक्षणिक दायित्वों के साथ योगदान दे रहे हैं। टीम का नेतृत्व कर रहीं के. शारदा अब तक अकेले 1,800 से अधिक ऑडियो बुक्स तैयार कर चुकी हैं। इस सामग्री के जरिए विद्यार्थियों को किताबों की सामग्री सुनकर पढ़ाई करने का विकल्प मिल रहा है।
राज्यपाल ने कहा कि शिक्षा का अवसर समाज के हर वर्ग तक समान रूप से पहुंचना चाहिए। दृष्टिबाधित विद्यार्थियों के लिए ऑडियो के माध्यम से अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराना उन्हें आत्मनिर्भर बनाने और पढ़ाई में समान अवसर देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने इस पहल को और व्यापक स्तर तक ले जाने की आवश्यकता बताई, ताकि अधिक संख्या में विद्यार्थी इसका लाभ उठा सकें।
वर्ल्ड ऑडियो बुक चैनल पर फिलहाल 107 से अधिक प्लेलिस्ट उपलब्ध हैं और चैनल को अब तक 8 लाख से अधिक बार देखा जा चुका है। टीम द्वारा विद्यार्थियों की जरूरत को ध्यान में रखते हुए पाठ्यक्रम आधारित सामग्री के साथ उपयोगी शैक्षणिक कंटेंट भी तैयार किया जा रहा है।
राज्यपाल ने टीम के सभी सदस्यों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया और गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में नाम दर्ज होने पर बधाई दी। इस अवसर पर गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की छत्तीसगढ़ हेड डॉ. सोनल राजेश शर्मा सहित वर्ल्ड ऑडियो बुक टीम के सदस्य उपस्थित रहे।
