रायपुर, 02 सितंबर 2026
सरगुजा जिले के ग्राम पंचायत मेंड्राकला निवासी कौशिल्या रजवाड़े के लिए बेटी का भविष्य अब पहले से ज्यादा सुरक्षित नजर आ रहा है। परिवार की सीमित आमदनी के बीच बेटी की पढ़ाई और आगे की जरूरतों को लेकर चिंतित रहने वाली कौशिल्या को नोनी सुरक्षा योजना के तहत बेटी के नाम पर एक लाख रुपये का बॉन्ड मिला है। इस आर्थिक सुरक्षा ने परिवार को बेटी की शिक्षा और भविष्य को लेकर नया भरोसा दिया है।
कौशिल्या के पति राजेश कुमार रजवाड़े कृषि कार्य करते हैं। खेती से होने वाली सीमित आय में परिवार की जिम्मेदारियां संभालते हुए बेटी की पढ़ाई और उसके भविष्य के लिए आर्थिक व्यवस्था करना उनके लिए चुनौती थी। इसी दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने उन्हें नोनी सुरक्षा योजना की जानकारी दी।
योजना की जानकारी मिलने के बाद जरूरी दस्तावेज तैयार कर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के सहयोग से ऑनलाइन आवेदन किया गया। इसके बाद कौशिल्या की बड़ी बेटी का योजना के तहत पंजीयन हुआ और उसके नाम पर एक लाख रुपये का बॉन्ड प्राप्त हुआ।
कौशिल्या के अनुसार यह बॉन्ड एलआईसी बीमा के माध्यम से प्रदान किया गया है। योजना की निर्धारित शर्तों के अनुसार बालिका के 18 वर्ष की आयु पूरी करने और 12वीं कक्षा उत्तीर्ण करने के बाद निर्धारित राशि प्राप्त होगी। परिवार इस राशि का उपयोग बेटी की आगे की पढ़ाई और भविष्य की जरूरतों को पूरा करने में कर सकेगा।
कौशिल्या कहती हैं कि बेटी के भविष्य के लिए पहले से आर्थिक सुरक्षा मिलना उनके परिवार के लिए बड़ी राहत है। इससे बेटी की पढ़ाई और आगे के जीवन को लेकर उनका भरोसा बढ़ा है।
उन्होंने नोनी सुरक्षा योजना के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के प्रति आभार जताया। कौशिल्या के लिए यह योजना केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि बेटी की शिक्षा और उसके सपनों को सुरक्षित भविष्य की ओर ले जाने वाला भरोसे का सहारा बन गई है।
