सक्ती, 18 अगस्त 2026
छत्तीसगढ़ खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड, जिला कार्यालय सक्ती द्वारा मुख्यमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (CMEGP) के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्र के हितग्राहियों से ग्रामोद्योग स्थापना के लिए आवेदन आमंत्रित किए जा रहे हैं। योजना के तहत जिला सक्ती में कुल 17 इकाइयों की स्थापना का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
मुख्यमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के अंतर्गत खनिज, वन, कृषि, रसायन, इंजीनियरिंग एवं सेवा उद्योगों सहित दोना-पत्तल उद्योग, आटा चक्की, मसाला उद्योग सहित कुल 117 प्रकार के उद्योगों की स्थापना की जा सकती है। पात्र हितग्राहियों को योजना के तहत अधिकतम 35 प्रतिशत तक अनुदान की पात्रता होगी।
योजना का लाभ लेकर स्वयं का ग्रामोद्योग स्थापित करने के इच्छुक हितग्राही जिला पंचायत कार्यालय सक्ती के प्रथम तल स्थित ग्रामोद्योग कक्ष में संपर्क कर सकते हैं। इच्छुक आवेदक योजना से संबंधित पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी भी कार्यालय से प्राप्त कर सकते हैं।
अधिक जानकारी एवं आवेदन संबंधी जानकारी के लिए हितग्राही मोबाइल नंबर 7898985249 एवं 9516832002 पर संपर्क कर सकते हैं। योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र में स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने और स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जा रहा है।
