राज्यपाल रमेन डेका बोले- दिव्यांगजनों को समान अवसर और आत्मनिर्भरता देना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी
रायपुर, 15 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राज्यपाल श्री रमेन डेका ने लोकभवन में नेत्रहीन छात्राओं को स्मार्ट स्टिक प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण सहयोग दिया। स्मार्ट स्टिक से नेत्रहीन विद्यार्थियों को सुरक्षित तरीके से आवागमन करने में मदद मिलेगी।
यह स्मार्ट स्टिक नेशनल एसोसिएशन फॉर द ब्लाइंड, रायपुर द्वारा संचालित प्रेरणा गुरुकुलम विद्या पीठम की नेत्रहीन छात्राओं को प्रदान की गई।

तकनीक से आसान होगी जिंदगी
इस अवसर पर राज्यपाल श्री रमेन डेका ने छात्राओं को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दिव्यांगजनों को समान अवसर और आत्मनिर्भरता प्रदान करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल से नेत्रहीन विद्यार्थियों के जीवन को अधिक सुगम और सुरक्षित बनाया जा सकता है। स्मार्ट स्टिक इसी दिशा में उपयोगी पहल है, जो छात्राओं को दैनिक आवागमन में अधिक आत्मविश्वास प्रदान करेगी।
शिक्षा और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा
राज्यपाल ने छात्राओं को शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने और आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि किसी भी चुनौती को अपनी प्रगति में बाधा न बनने दें और उपलब्ध अवसरों का पूरा लाभ उठाते हुए अपने सपनों को साकार करें।
कार्यक्रम में राज्य की प्रथम महिला श्रीमती रानी डेका काकोटी और राज्यपाल के सचिव डॉ. सी. आर. प्रसन्ना भी उपस्थित रहे।
