रायपुर, 15 अगस्त 2026। राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में करीब 850 स्कूली विद्यार्थियों ने छत्तीसगढ़ की लोककला, संस्कृति और देशभक्ति से ओत-प्रोत शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया।
सांस्कृतिक प्रतिस्पर्धा में छत्तीसगढ़ उत्तर क्षेत्र सरगुजा संभाग ने प्रथम, पश्चिम क्षेत्र दुर्ग संभाग ने द्वितीय और मध्य क्षेत्र रायपुर संभाग ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने विजेता विद्यार्थियों को शील्ड और मेडल प्रदान कर सम्मानित किया।
सरगुजा संभाग की प्रस्तुति रही प्रथम
सरगुजा संभाग के 286 स्कूली छात्र-छात्राओं ने ‘वंदे मातरम्’, ‘जय हिंद, हम सबका अभिमान’ जैसे रिमिक्स गीतों पर देशभक्ति से भरपूर प्रस्तुति दी।
नृत्य और गीत के माध्यम से विद्यार्थियों ने ‘वंदे मातरम्’ की 150 वर्षों की गौरवशाली यात्रा, मातृभूमि के प्रति अनंत प्रेम और राष्ट्रभक्ति की भावना को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। साथ ही युवा शक्ति से सशक्त होकर नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ते भारत की तस्वीर को भी आकर्षक अंदाज में मंच पर जीवंत किया।
दुर्ग संभाग की प्रस्तुति ने जीता दूसरा स्थान
दुर्ग संभाग के 277 विद्यार्थियों ने ‘सजता, संवरता, निखरता ये देश…’ गीत पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया।
प्रस्तुति में देश के विभिन्न अवसरों और लोकपरंपराओं में देखने को मिलने वाले नृत्यों की सुंदर झलक दिखाई गई। विद्यार्थियों ने अपने भावों को कदमों की लय, ताल और ऊर्जा के साथ पिरोते हुए राष्ट्रप्रेम की अटूट भावना को प्रभावशाली ढंग से व्यक्त किया।
रायपुर संभाग की प्रस्तुति रही तृतीय
रायपुर संभाग के 280 विद्यार्थियों ने ‘संकल्प बोल के हम तो निकल पड़े…’ फ्यूजन गीत पर मनोरम प्रस्तुति दी।
नृत्य एवं गीत के माध्यम से विद्यार्थियों ने देश की रक्षा में तैनात सैनिकों के शौर्य, त्याग और बलिदान की गाथा को जीवंत किया। प्रस्तुति ने दर्शकों में देशभक्ति और सैनिकों के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत किया।
राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में विद्यार्थियों की इन प्रस्तुतियों ने छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति, कला, युवा ऊर्जा और राष्ट्रप्रेम का प्रभावशाली संगम प्रस्तुत किया।
