रायपुर, 29 जून 2026। नई दिल्ली में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय ग्रामीण विकास सम्मेलन में छत्तीसगढ़ की अभिनव पहल ‘मटेरियल बैंक मॉडल’ को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी पहचान मिली। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विकसित इस मॉडल की केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने खुले मंच से सराहना करते हुए इसे ग्रामीण आवास निर्माण को गति देने वाला प्रभावी नवाचार बताया।
सम्मेलन में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व उप मुख्यमंत्री एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा ने किया। इस दौरान राज्य में संचालित ग्रामीण विकास, कौशल उन्नयन और महिला सशक्तिकरण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं को भी राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया।
‘डीलर दीदी’ मॉडल को मिली राष्ट्रीय पहचान
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत छत्तीसगढ़ में विकसित मटेरियल बैंक मॉडल का संचालन स्व-सहायता समूहों की महिलाएं ‘डीलर दीदी’ के रूप में कर रही हैं। इस मॉडल के माध्यम से दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में आवास हितग्राहियों को निर्माण सामग्री एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही है।
इस व्यवस्था से निर्माण सामग्री की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित हुई है, जिससे प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकानों का निर्माण अधिक तेज, सरल और किफायती हुआ है। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इसे ग्रामीण विकास के क्षेत्र में एक प्रभावी और अनुकरणीय मॉडल बताया।
10 हजार से अधिक महिलाएं बन रहीं ‘लखपति दीदी’
मटेरियल बैंक मॉडल का सबसे बड़ा लाभ महिलाओं को मिला है। इस पहल के जरिए स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं की आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है और 10,000 से अधिक महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बनने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।
राष्ट्रीय सम्मेलन में इस मॉडल को महिला सशक्तिकरण, आजीविका संवर्धन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने वाले सफल उदाहरण के रूप में प्रस्तुत किया गया।
आरसेटी और कौशल विकास योजनाओं की भी हुई प्रशंसा
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने छत्तीसगढ़ में आरसेटी (RSETI) और पंडित दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना के प्रभावी क्रियान्वयन की भी सराहना की।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण युवाओं को कौशल विकास, स्वरोजगार और रोजगार के अवसरों से जोड़ने के लिए उल्लेखनीय कार्य कर रही है। उन्होंने विशेष रूप से इस बात का उल्लेख किया कि पिछले वित्तीय वर्ष में आरसेटी के माध्यम से छत्तीसगढ़ में देश में सर्वाधिक राजमिस्त्रियों को प्रशिक्षण दिया गया, जो अन्य राज्यों के लिए भी प्रेरणादायक है।
अन्य राज्यों के लिए प्रेरणादायक बना छत्तीसगढ़ मॉडल
राष्ट्रीय सम्मेलन में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ ने ग्रामीण विकास के क्षेत्र में नवाचार और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने मटेरियल बैंक मॉडल और कौशल विकास कार्यक्रमों को अन्य राज्यों में भी अपनाए जाने योग्य पहल बताया।
उन्होंने कहा कि ऐसे नवाचार ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार, आजीविका और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
मुख्यमंत्री के नेतृत्व में हो रहा प्रभावी कार्य : विजय शर्मा
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ग्रामीण विकास, कौशल उन्नयन, स्वरोजगार संवर्धन और गरीब परिवारों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर मिली यह सराहना प्रदेश में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं, नवाचारों और उनके प्रभावी क्रियान्वयन की सफलता का प्रमाण है। इससे राज्य को ग्रामीण विकास के क्षेत्र में और अधिक बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी।
ग्रामीण विकास में नई पहचान बना रहा छत्तीसगढ़
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), महिला स्व-सहायता समूहों की भागीदारी, कौशल विकास और स्वरोजगार जैसी पहलों के माध्यम से छत्तीसगढ़ ग्रामीण विकास के क्षेत्र में लगातार नए मानक स्थापित कर रहा है। राष्ट्रीय ग्रामीण विकास सम्मेलन में मिली यह पहचान न केवल राज्य की उपलब्धियों को दर्शाती है, बल्कि भविष्य में अन्य राज्यों के लिए भी एक प्रेरणादायक मॉडल के रूप में छत्तीसगढ़ की भूमिका को मजबूत करती है।
