रायपुर, 04 सितंबर 2026
बेमेतरा जिले के ग्राम पंचायत जेवरा (एन) में 5 सितंबर को पर्यावरण संरक्षण और जल संवर्धन को लेकर बड़ा वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। ‘मोर गाँव, मोर पानी’ महाअभियान के तहत होने वाले इस कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10 बजे होगी। आयोजन का उद्देश्य गांवों में हरियाली बढ़ाने के साथ जल स्रोतों के संरक्षण और पर्यावरण संतुलन के लिए जनभागीदारी को मजबूत करना है।
कार्यक्रम का शुभारंभ खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री दयालदास बघेल करेंगे। दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल, बेमेतरा विधायक दीपेश साहू, साजा विधायक ईश्वर साहू, रजक विकास बोर्ड के अध्यक्ष प्रहलाद रजक, दक्षिण कौशल पीठाधीश्वर एवं छत्तीसगढ़ राज्य गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष स्वामी राजीव लोचन दास और जनपद पंचायत नवागढ़ के अध्यक्ष खोरबाहरा साहू भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।
इसके अलावा तेलघानी बोर्ड के अध्यक्ष जितेन्द्र साहू, जिला पंचायत बेमेतरा की अध्यक्ष कल्पना योगेश तिवारी, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि अजय साहू और जेवरा (एन) के सरपंच प्रमोद साहू की भी सहभागिता रहेगी। जिला पंचायत एवं जनपद पंचायतों के जनप्रतिनिधि, नगर पंचायतों के पदाधिकारी, पार्षद, सरपंच और बड़ी संख्या में ग्रामीण कार्यक्रम में शामिल होंगे।
‘मोर गाँव, मोर पानी’ अभियान के तहत गांवों में जल संरक्षण और पर्यावरण सुधार को एक साथ आगे बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। वृक्षारोपण के जरिए केवल पौधे लगाने तक सीमित न रहकर उनके संरक्षण की जिम्मेदारी को भी जनभागीदारी से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रशासन का मानना है कि जल स्रोतों के संरक्षण और हरित क्षेत्र के विस्तार से ग्रामीण क्षेत्रों में पर्यावरण संतुलन को मजबूत किया जा सकता है। इसी उद्देश्य से जेवरा में आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों की भागीदारी के जरिए अभियान को व्यापक रूप देने की कोशिश की जाएगी।
जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से कार्यक्रम में अधिक संख्या में शामिल होकर वृक्षारोपण और जल संरक्षण के इस अभियान को सफल बनाने की अपील की है।
