रायपुर, 2 सितंबर 2026
महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने सूरजपुर और भैयाथान में विकासखंड स्तरीय समीक्षा बैठकों के दौरान विभागीय योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने और पात्र हितग्राहियों तक शासन की योजनाओं का लाभ तय समयसीमा में पहुंचाने के निर्देश दिए।

बैठकों में मंत्री ने योजनाओं की जमीनी स्थिति की जानकारी ली और मैदानी स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विकास और जनकल्याण से जुड़े कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता बनी रहनी चाहिए। आम लोगों से जुड़ी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करते हुए योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए।

मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि सुशासन का वास्तविक उद्देश्य शासन की योजनाओं और सुविधाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। केवल योजना की स्वीकृति या कागजी क्रियान्वयन पर्याप्त नहीं है, बल्कि इसका वास्तविक लाभ जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचना ही इसकी सफलता है। इसके लिए विभागीय स्तर पर लगातार समीक्षा और प्रभावी निगरानी जरूरी है।
उन्होंने अधिकारियों को मैदानी अमले के साथ बेहतर समन्वय बनाकर काम करने और योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली बाधाओं का समय रहते समाधान करने को कहा। साथ ही कार्यों की प्रगति और उनके असर पर नियमित नजर रखने के निर्देश दिए।
सूरजपुर और भैयाथान में हुई बैठकों में संबंधित विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। सूरजपुर की समीक्षा बैठक में विधायक भुलन सिंह मरावी भी शामिल हुए।
