रायपुर, 2 सितंबर 2026
छत्तीसगढ़ में तकनीकी वस्त्रों के क्षेत्र में अनुसंधान, नवाचार, उद्योग और कौशल विकास को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। महानदी भवन, नवा रायपुर में मुख्य सचिव की अध्यक्षता में राष्ट्रीय तकनीकी वस्त्र मिशन (NTTM) के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक हुई। बैठक में तकनीकी शिक्षण संस्थानों और उद्योगों के बीच सीधा समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया।
मुख्य सचिव ने राज्य में तकनीकी वस्त्रों को लेकर तकनीकी संस्थानों और उद्योग प्रतिनिधियों को एक मंच पर लाकर सम्मेलन या कॉन्क्लेव आयोजित करने के निर्देश दिए। इसमें तकनीकी वस्त्रों के अलग-अलग क्षेत्रों में उपयोग, राष्ट्रीय तकनीकी वस्त्र मिशन की योजनाओं और उद्योगों की जरूरतों पर चर्चा की जाएगी। साथ ही विद्यार्थियों को उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षण से जोड़ने की योजना पर भी काम होगा।
प्रारंभिक चरण में प्रत्येक तकनीकी शिक्षण संस्थान से 10-10 विद्यार्थियों को उद्योग आधारित प्रशिक्षण दिलाने का प्रयास किया जाएगा। इससे विद्यार्थियों को तकनीकी वस्त्रों के वास्तविक औद्योगिक उपयोग और कामकाज का व्यावहारिक अनुभव मिलेगा, वहीं उद्योगों को प्रशिक्षित और कुशल मानव संसाधन उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
हथकरघा और वस्त्र गतिविधियों वाले क्षेत्रों में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों को चरणबद्ध तरीके से वस्त्र प्रशिक्षण केंद्रों के रूप में विकसित करने की संभावनाओं पर भी काम किया जाएगा। पहले चरण में कोरबा, रायगढ़, जांजगीर-चांपा और बिलासपुर के संस्थानों को स्थानीय वस्त्र उद्योगों से जोड़ने की दिशा में पहल की जाएगी।
बैठक में विश्वविद्यालयों और तकनीकी संस्थानों को तकनीकी वस्त्रों से जुड़े अनुप्रयोग आधारित अनुसंधान, उत्पाद विकास, परीक्षण, नवाचार और प्रायोगिक परियोजनाएं विकसित करने के लिए प्रोत्साहित करने पर भी चर्चा हुई। राज्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए कृषि, अधोसंरचना, जल प्रबंधन, स्वास्थ्य, सुरक्षा, पर्यावरण, पैकेजिंग और ग्रामीण आजीविका जैसे क्षेत्रों के लिए तकनीकी समाधान विकसित करने पर जोर दिया जाएगा।
मिशन की योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने और परियोजनाओं की नियमित निगरानी के लिए परियोजना प्रबंधन इकाई स्थापित की जाएगी। यह इकाई तकनीकी संस्थानों और उद्योगों से परियोजना प्रस्ताव लेकर उन्हें मिशन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप तैयार कराने, केंद्र सरकार को स्वीकृति के लिए भेजने और स्वीकृत परियोजनाओं के क्रियान्वयन में सहयोग करेगी। इकाई बनने तक ग्रामोद्योग विभाग में राज्य स्तर पर समन्वय के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाएगा।
बैठक में उद्योग विभाग, तकनीकी शिक्षा संचालनालय, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय, IIT भिलाई, NIT रायपुर, NIFT रायपुर और हथकरघा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं विशेषज्ञ उपस्थित रहे।
