रायपुर, 2 सितंबर 2026
छत्तीसगढ़ के पर्यटन को दक्षिण भारत के बड़े बाजार तक पहुंचाने की दिशा में राज्य ने एक अहम कदम बढ़ाया है। छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड ने फिक्की के सहयोग से चेन्नई में ‘छत्तीसगढ़ टूरिज्म रोड शो’ का आयोजन किया, जिसमें 130 से अधिक ट्रैवल एजेंट और टूर ऑपरेटर शामिल हुए। रोड शो के दौरान बिजनेस-टू-बिजनेस (B2B) बैठकों में दोनों राज्यों के पर्यटन कारोबारियों के बीच सीधे संवाद हुआ और छत्तीसगढ़ के लिए पर्यटक समूहों को आकर्षित करने के साथ नए कारोबारी सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा हुई।
रोड शो में छत्तीसगढ़ के प्राकृतिक सौंदर्य, सांस्कृतिक विरासत, प्रमुख पर्यटन स्थलों और पर्यटन क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं को चेन्नई के कारोबारियों के सामने प्रस्तुत किया गया। टूर ऑपरेटरों की उत्साहजनक भागीदारी से दक्षिण भारतीय बाजार में छत्तीसगढ़ के पर्यटन उत्पादों को लेकर बढ़ती रुचि का संकेत मिला।
इस आयोजन की खास बात यह रही कि छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों और संभावनाओं का पहली बार तमिल भाषा में प्रभावी प्रस्तुतीकरण किया गया। स्थानीय भाषा में जानकारी उपलब्ध कराने की इस पहल से चेन्नई के पर्यटन कारोबारियों और संभावित पर्यटकों तक छत्तीसगढ़ की पर्यटन पहचान को अधिक सहज तरीके से पहुंचाने की कोशिश की गई।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के अध्यक्ष नीलू शर्मा मौजूद रहे। पर्यटन विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन और छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक सौमिल रंजन चौबे ने भी कार्यक्रम में भाग लिया। श्री चौबे ने राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों, पर्यटन उत्पादों और निवेश की संभावनाओं पर प्रस्तुतीकरण दिया। सचिव डॉ. भारतीदासन ने तमिल और अंग्रेजी में छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक, सांस्कृतिक और विरासत संपदा की संभावनाओं को सामने रखा।
रोड शो में भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय की सहायक निदेशक एस. पद्मावती, फिक्की छत्तीसगढ़ टूरिज्म कमेटी के चेयरपर्सन एवं फिक्की छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष जसप्रीत सिंह भाटिया, फिक्की तमिलनाडु स्टेट काउंसिल के को-कन्वीनर श्रीहरन बालन और तमिलनाडु पर्यटन के निदेशक डॉ. वी.पी. जयसीलन सहित पर्यटन क्षेत्र से जुड़े कई प्रमुख प्रतिनिधि शामिल हुए।
चेन्नई में पदस्थ छत्तीसगढ़ कैडर के वरिष्ठ IAS अधिकारी के.सी. देवासेनापति और एलेक्स पॉल मेनन की मौजूदगी ने भी आयोजन को खास बनाया। दोनों अधिकारियों ने छत्तीसगढ़ से अपने जुड़ाव और राज्य की पर्यटन संभावनाओं पर विचार साझा किए।
B2B बैठकों के जरिए छत्तीसगढ़ और चेन्नई के पर्यटन कारोबारियों को संभावित कारोबारी साझेदारी, पर्यटक समूहों के आवागमन और पर्यटन उत्पादों के प्रचार-प्रसार पर सीधे बातचीत का अवसर मिला। माना जा रहा है कि इस पहल से दक्षिण भारत के बाजार में छत्तीसगढ़ को नई पहचान मिलने के साथ राज्य में पर्यटकों की संख्या बढ़ाने और पर्यटन क्षेत्र में नए कारोबारी अवसर पैदा करने की संभावनाएं मजबूत होंगी।
