रायपुर, 2 सितम्बर 2026
छत्तीसगढ़ में महिलाओं के नाम पर संपत्ति दर्ज कराने को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार की पंजीयन शुल्क में 50 प्रतिशत छूट की पहल का सीधा लाभ सामने आया है। रायगढ़ निवासी श्रीमती शर्मिला मिश्रा ने अपने नाम जमीन की रजिस्ट्री कराई, जिसमें उन्हें करीब 25 हजार रुपये की बचत हुई। उन्होंने इस फैसले के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार जताया।
राज्य सरकार के निर्णय के तहत महिलाओं के पक्ष में जमीन और अन्य अचल संपत्ति के अंतरण से जुड़े दस्तावेजों पर पंजीयन शुल्क में 50 प्रतिशत की छूट दी जा रही है। पहले बाजार मूल्य के आधार पर पंजीयन शुल्क 4 प्रतिशत की दर से लिया जाता था, जिसे महिलाओं के नाम होने वाली रजिस्ट्री के लिए घटाकर 2 प्रतिशत कर दिया गया है।
शर्मिला मिश्रा ने बताया कि इस छूट से जमीन की रजिस्ट्री का खर्च सीधे कम हुआ और उन्हें करीब 25 हजार रुपये की आर्थिक बचत हुई। उनका कहना है कि महिलाओं के नाम संपत्ति दर्ज कराने को प्रोत्साहित करने वाला यह निर्णय केवल आर्थिक राहत तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे महिलाओं के संपत्ति अधिकार भी मजबूत होंगे।
उन्होंने कहा कि अपने नाम पर संपत्ति होने से महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता और सामाजिक सुरक्षा को मजबूती मिलती है। राज्य सरकार की यह पहल महिलाओं को संपत्ति में अधिक अधिकार देने और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में अहम कदम है।
