रायपुर, 01 सितंबर 2026
सरकारी अस्पतालों में इलाज कराने वाले मरीजों के लिए अटल आरोग्य लैब की सुविधा बड़ी राहत बनकर सामने आई है। अब जरूरी जांच के लिए निजी पैथोलॉजी सेंटरों का रुख करने और भारी खर्च उठाने की जरूरत कम हो रही है। अटल आरोग्य लैब के माध्यम से करीब 134 प्रकार की चिकित्सा जांच निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। जांच के बाद रिपोर्ट डिजिटल माध्यम से मिलने से मरीजों को रिपोर्ट लेने के लिए बार-बार अस्पताल आने की परेशानी भी कम हुई है।
रायगढ़ निवासी अमन नायक को बुखार की शिकायत के बाद रक्त जांच की जरूरत पड़ी। वे जिला अस्पताल पहुंचे, जहां अटल आरोग्य लैब के माध्यम से उनकी आवश्यक जांच निःशुल्क की गई। अमन ने बताया कि जांच के बाद रिपोर्ट डिजिटल माध्यम से प्राप्त करने की सुविधा भी मिली, जिससे पूरी प्रक्रिया पहले की तुलना में काफी आसान रही।
अमन के मुताबिक, पहले सामान्य जांच के लिए भी निजी पैथोलॉजी सेंटर जाना पड़ता था, जहां जांच पर अतिरिक्त खर्च होता था। कई बार रिपोर्ट के लिए दोबारा जाना पड़ता था। अब सरकारी अस्पताल में ही जरूरी जांच उपलब्ध होने से आर्थिक बोझ कम हुआ है और समय की भी बचत हो रही है।
अटल आरोग्य लैब का उद्देश्य सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में आधुनिक और विश्वसनीय जांच सुविधाओं को मजबूत करना है, ताकि मरीजों को उपचार के लिए जरूरी जांच अपने जिले या नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में ही मिल सके। डिजिटल रिपोर्ट की व्यवस्था से मरीजों को रिपोर्ट लेने के लिए बार-बार अस्पताल आने की आवश्यकता कम हो रही है।
समय पर जांच रिपोर्ट उपलब्ध होने से डॉक्टरों को मरीज की स्थिति के अनुसार उपचार तय करने में भी सुविधा मिलती है। इससे जांच और उपचार के बीच लगने वाले समय को कम करने में मदद मिल रही है।
रायगढ़ जिले में अटल आरोग्य लैब की सुविधा जिला अस्पताल के साथ कई सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंचाई गई है। जिला चिकित्सालय रायगढ़ के अलावा घरघोड़ा, लोईंग, पुसौर, तमनार और खरसिया के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों तथा बिंजकोट, किरोड़ीमल नगर, कोड़ातराई, मिडमिड़ा, बंगुरसिया, छपोरा, डूमरपाली, जामगांव, नंदेली, नवरंगपुर, पुटकापुरी, संबलपुरी और सिसरिंगा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में भी यह सुविधा उपलब्ध है।
इस विस्तार से ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों के मरीजों को जांच के लिए रायगढ़ शहर या निजी लैब तक जाने की जरूरत कम हुई है। खासकर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए निःशुल्क जांच सुविधा इलाज के खर्च को कम करने में मददगार साबित हो रही है।
अटल आरोग्य लैब के जरिए सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था में जांच सुविधाओं को स्थानीय स्तर पर मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है। निःशुल्क जांच, डिजिटल रिपोर्ट और नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों पर सुविधा उपलब्ध होने से मरीजों के लिए स्वास्थ्य सेवाएं पहले से अधिक सुलभ और सुविधाजनक हो रही हैं।
