रायपुर, 02 सितंबर 2026
महासमुंद जिले के बागबाहरा विकासखंड के ग्राम खेमड़ा में बारिश से क्षतिग्रस्त हुई करीब 20 साल पुरानी पुलिया की समस्या मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत के बाद दूर हो गई। पुलिया क्षतिग्रस्त होने के कारण ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी हो रही थी। शिकायत सामने आते ही प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए पुलिया की मरम्मत करा दी, जिसके बाद सड़क पर आवागमन फिर से सुचारु हो गया है।
ग्रामीणों ने पुलिया की खराब स्थिति को लेकर मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत प्राप्त होने के बाद जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह के निर्देश पर प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के अधिकारियों और तकनीकी अमले ने मौके पर पहुंचकर पुलिया का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के बाद पुलिया की स्थिति को देखते हुए आवश्यक मरम्मत एवं संधारण कार्य शुरू कराया गया। कलेक्टर के निर्देशानुसार पीएमजीएसवाई के कार्यपालन अभियंता श्री आशीष कुलदीप और तकनीकी अमले की निगरानी में काम पूरा कराया गया। मरम्मत पूरी होने के बाद सड़क पर आवाजाही बहाल हो गई है।
पुलिया के दुरुस्त होने से खेमड़ा के ग्रामीणों को रोजमर्रा के आवागमन में बड़ी राहत मिली है। ग्रामीणों ने कहा कि शिकायत दर्ज कराने के बाद प्रशासन ने जिस तेजी से कार्रवाई की, उससे उनकी समस्या का समय पर समाधान हो सका।
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से सामने आई समस्या पर जिला प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से बारिश के कारण क्षतिग्रस्त सार्वजनिक अधोसंरचना को समय रहते दुरुस्त किया जा सका। इससे ग्रामीणों को सुरक्षित और सुचारु आवागमन की सुविधा दोबारा मिल गई है।
