रायपुर, 02 सितंबर 2026
दुर्ग जिले के अहिवारा की रहने वाली जागृति साहू के लिए आय प्रमाण पत्र बनवाना अब लंबी प्रक्रिया नहीं रहा। सेवा सेतु के जरिए आवेदन करने के महज 24 घंटे के भीतर उन्हें डिजिटल हस्ताक्षरित आय प्रमाण पत्र मिल गया। घर के नजदीक आवेदन की सुविधा और ऑनलाइन प्रक्रिया ने जरूरी दस्तावेज हासिल करने में लगने वाला समय और भागदौड़ दोनों कम कर दिए।
जागृति साहू को विभिन्न शासकीय एवं आवश्यक कार्यों के लिए आय प्रमाण पत्र की जरूरत थी। उन्होंने 20 अगस्त 2026 को नगर पालिका अहिवारा स्थित सेवा सेतु केंद्र में जरूरी दस्तावेजों के साथ आवेदन किया। केंद्र ऑपरेटर ने ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी की और अगले ही दिन, 21 अगस्त को उनका आय प्रमाण पत्र स्वीकृत होकर जारी कर दिया गया।
समय पर प्रमाण पत्र मिलने से जागृति साहू काफी खुश हैं। उन्होंने बताया कि पहले सरकारी प्रमाण पत्र बनवाने के लिए कई बार कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे और प्रक्रिया पूरी होने में भी समय लगता था। सेवा सेतु के माध्यम से अब आवेदन की सुविधा घर के आसपास ही उपलब्ध होने से यह काम आसान हो गया है।
जागृति साहू ने कहा कि सिर्फ 24 घंटे में डिजिटल प्रमाण पत्र मिल जाना उनके लिए बड़ी राहत है। इससे उनका समय और श्रम बचा और जरूरी काम भी निर्धारित समय पर पूरा हो सका।
सेवा सेतु के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न प्रमाण पत्रों और शासकीय सेवाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। डिजिटल प्रक्रिया से आवेदन में पारदर्शिता बढ़ने के साथ सेवाओं की पहुंच भी आसान हुई है। जागृति साहू ने नागरिकों को समयबद्ध और सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय और जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया।
