रायपुर, 02 सितंबर 2026
जशपुर जिले के ग्रामीण और दूरस्थ इलाकों में सड़क संपर्क मजबूत करने की दिशा में राज्य सरकार ने एक अहम कदम उठाया है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर खरकट्टा से कोडेकेला तक सड़क निर्माण परियोजना को प्रशासनिक स्वीकृति मिल गई है। वर्ष 2025-26 के बजट में शामिल इस परियोजना के लिए 6 करोड़ 30 लाख 81 हजार रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।
परियोजना के तहत खरकट्टा-कोडेकेला मार्ग पर 6.20 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण पुल-पुलियों सहित किया जाएगा। सड़क बनने के बाद क्षेत्र के ग्रामीणों को मुख्य मार्गों तक पहुंचने में आसानी होगी और खासकर बारिश के मौसम में आवागमन से जुड़ी परेशानियों में कमी आने की उम्मीद है।
इस सड़क परियोजना का सीधा लाभ ग्रामीणों की रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़ा होगा। किसानों के लिए कृषि उपज को बाजार तक पहुंचाना आसान होगा, जबकि विद्यार्थियों को स्कूल-कॉलेज और मरीजों को स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंचने में बेहतर सुविधा मिलेगी। सड़क संपर्क सुधरने से स्थानीय व्यापार और रोजगार से जुड़ी गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है।
पुल-पुलियों के निर्माण के साथ सड़क विकसित किए जाने से बरसात के दौरान जलभराव और मार्ग बाधित होने जैसी समस्याओं से भी राहत मिलने की उम्मीद है। इससे आसपास के गांवों के बीच संपर्क बेहतर होगा और ग्रामीणों को सालभर अपेक्षाकृत सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।
राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क नेटवर्क के विस्तार को विकास की बुनियादी जरूरत के रूप में आगे बढ़ा रही है। खरकट्टा-कोडेकेला मार्ग भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण परियोजना मानी जा रही है, जिससे क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और व्यापार जैसी गतिविधियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है।
परियोजना की स्वीकृति पर क्षेत्र के ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार जताया है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण से लंबे समय से चली आ रही आवागमन की समस्या दूर होगी और गांवों के विकास को नई गति मिलेगी।
